सिंहस्थ कुंभ उज्जैन में दिखेगी प्रयाग की छटा
जहां गणना करते हैं शिव स्वयं काल की, वह काल गणना केंद्र हैं उज्जयिनी। जी हां वही उज्जयिनी (उज्जैन) जहां इस बार कुंभ का आयोजन किया जा रहा है। उज्जैन में लगने वाले सिंहस्थ कुंभ में प्रयाग कुंभ की छटा भी नजर आएगी। यहां की सांस्कृतिक परंपरा की झलक तो दिखेगी ही, यहां का भीड़ नियंत्रण प्लान भी वहां नजर आएगा। यहां के धर्मगुरुओं के साथ ही यहां के तीर्थ पुरोहित भी उज्जैन जाने की तैयारी कर चुके हैं। यहां के अखाड़े भी वहां अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
उज्जैन में सिंहस्थ कुंभ 22 अप्रैल से शुरू होकर 21 मई तक चलेगा। क्षिप्रा नदी के तट पर लगने वाले इस महापर्व को लेकर प्रयाग में चल रहे माघ मेला में प्रदर्शनी लगाई गई है जिसमें कुंभ की तैयारियों को लेकर सारी जानकारी दी जा रही है। सिंहस्थ कुंभ में पांच करोड़ श्रद्धालुओं के आने की बात कही जा रही है। प्रदर्शनी के माध्यम से न सिर्फ प्रयाग वालों को बल्कि माघ मेले में आने वालों को भी निमंत्रण दिया गया है। श्रद्धालुओं को लुभाने के लिए प्रदर्शनी में उज्जैन की पूरी गाथा प्रदर्शित की गई है। सिंहस्थ कुंभ को लेकर यहां के संत उत्साहित हैं। झूंसी के टीकरमाफी आश्रम के महंत स्वामी हरिचैतन्य ब्रह्माचारी बताते हैं कि जब बृहस्पति सिंह राशि में हों व सूर्य मेष राशि में तो सिंहस्थ पर्व होता है। कहते हैं कि उन्होंने वहां जाने की पूरी तैयारी कर रखी है। खाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि भी कुंभ शुरू होते ही पहुंच जाएंगे। परी अखाड़ा पीठाधीश्वर त्रिकाल भवंता सिंहस्थ कुंभ में श्रद्धालुओं को संगम की महिमा बताते नजर आएंगी। प्रयाग के उदासीन व पंचायती अखाड़े भी उज्जैन के कुंभ में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।
अफसरों ने पढ़ा था क्राउड मैनेजमेंट का पाठ
इलाहाबाद में 2013 के कुंभ में करोड़ों की भीड़ उमड़ी थी। इस भीड़ को संभालना इतना आसान नहीं था। करोड़ों की भीड़ को यहां कैसे नियंत्रित किया जा रहा है, यह देखने के लिए उज्जैन के अधिकारी प्रयाग आए थे। कुंभ मेले के दौरान अफसरों ने मेले की व्यवस्था का जायजा लिया था। सबसे ज्यादा जोर था क्राउड मैनेजमेंट पर। अफसरों ने मेला प्रशासन से वार्ता कर भीड़ को नियंत्रित करने के तौर तरीके सीखे थे।
Related Articles

उपासना टीवी, दिल्ली एनसीआर से संचालित प्रतिष्ठित धार्मिक हिंदी मीडिया संसथान है। जो विगत 13 वर्षों से धर्म और सांस्कृतिक मीडिया में अग्रसर है। उपासना टीवी में हम आपकी धार्मिक समाचार को प्रकाशित करते हैं। आप अपनी खबरें और सुझाव हमें upasana.tv@gmail.com पर भेज सकते हैं या 9312827955 पर Whatsapp और 7011103242 पर Call कर सकते हैं।